देवास शहर में 1 करोड़ 15 लाख की लागत से मधुमिलन चौराहे पर बनेगा पहला सिटी फॉरेस्ट उद्यान ।
सिटी फॉरेस्ट उद्यान का शुभारंभ रविवार को स्थानीय मधुमिलन चौराहे पर किया गया। यहां एबी रोड़ के दोनों और उद्यान को पर्यावरण विभाग के द्वारा नगर निगम के सहयोग से बनाया जा रहा है। इसकी लागत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपए है। शहर में वायु गुणवत्ता सुधार तथा हरित क्षेत्र में वृद्धि हेतु मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल द्वारा वित्त पोषित तथा पर्यावरण एवं वन विभाग के संयुक्त निर्देशन में नगर पालिक निगम देवास के द्वारा सिटी फॉरेस्ट उद्यान का शुभारंभ किया गया। रविवार को यहां पर विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन सहित अन्य पार्षद व निगम अधिकारियों, पर्यावरण बोर्ड के अधीक्षण यंत्री श्री आदेश जी, बोर्ड जिला अधिकारी सुश्री निकिता, सहायक वास्तुविक इ.पी.सी.ओ. योगेश, निगम उपायुक्त पुनीत शुक्ला के द्वारा पौधारोपण किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास शहर बहुत ही सौभाग्याशाली है कि यहां पर सिटी फॉरेस्ट का प्रोजेक्ट मिला है।

यहां पर 1 करोड़ 15 लाख की लागत से 200 मीटर लंबे 50 मीटर चौड़े एबी रोड़ के दोनों और पर उद्यान बनाए जाएंगे इसको पर्यावरण की दृष्टि से बनाया जा रहा है। सुंदर और स्वच्छ व स्वस्थ देवास बनाने में यह एक और पहल है। इससे पहले स्पोर्टस पार्क विकसित किया है। इसी के साथ मधुमिलन चौराहे के दोनों और सिटी फॉरेस्ट के रूप में उद्यान विकसित किया जा रहा है।

जिससे स्वच्छ व स्वस्थ्य वायु शहर को मिलेगी। उन्होनें बताया कि एबी रोड़ के दोनों और उद्यान करीब तीन माह में पूर्ण हो जाएगा।इसके साथ ही उन्होनें कहा कि पौधों का रोपण करना आसान है किन्तु उन पौधों को परिवार के सदस्य के रूप में देखभाल करना आवश्यक होता है। शहर विकास गति की राह में निरंतर आगे बढ़ रहा है। हम शहरवासियों के लिए वार्ड के साथ शहर में बड़े उद्यान भी डेवलप कर रहे हैं। देवास में यातायात सुदृढ़ हो आवागमन बाधित ना हो इसके लिए सडक़ चौड़ीकरण का कार्य भी पूर्णत: की और है। उद्यान को डेवलेप करने के साथ ही पौधों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिले इसके लिए यहां पर बोरवेल मशीन का पूजन कर बोरिंग भी किया गया।
